भिलाई, 15 अक्टूबर 2025:
शीतला तालाब पार रूआबांधा इलाके में एक युवक द्वारा लोहे के चाकू के साथ लोगों को धमकाने की सूचना पर भिलाई नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर पुलिस की टीम तुरंत घटना स्थल पर पहुंची और आरोपी अनुभव मसीह (19 वर्ष, निवासी मैत्री कुंज, प्रगति नगर, रिसाली, थाना नेवई, जिला दुर्ग) को दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से एक लोहे का चाकू जब्त किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास चाकू रखने के वैध दस्तावेज नहीं पाए गए, जिसके चलते थाना भिलाई नगर में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है।
इस मामले में एसीसीयू टीम और थाना भिलाई नगर की पेट्रोलिंग पार्टी की भूमिका महत्वपूर्ण रही। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या असामाजिक तत्व की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना में दें ताकि सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
पुलिस अधीक्षक की चेतावनी:
“हम किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेंगे। नागरिक सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।”




