महापौर नीरज पाल ने किया ध्वजारोहण, उत्कृष्ट कर्मचारियों को किया सम्मानित
भिलाईनगर। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को नगर पालिक निगम भिलाई के मुख्य कार्यालय सुपेला में गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। महापौर नीरज पाल ने प्रातः 8:00 बजे ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
इस अवसर पर निगम आयुक्त सुरुचि सिंह, सभापति गिरवर बंटी साहू, नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा, सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, महापौर परिषद सदस्य आदित्य सिंह, चंद्रशेखर गवई, पार्षद सुरेश कुमार वर्मा, चंदेश्वरी बांधे सहित निगम के जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ध्वजारोहण के पश्चात महापौर ने यूनियन कार्यालय, नेहरू नगर चौक, श्रीराम वाटिका खुर्सीपार एवं शहीद उद्यान सेक्टर-05 में भी ध्वजारोहण किया। इन अवसरों पर उपस्थित नागरिकों और निगम कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ देश की स्वतंत्रता और राष्ट्रीय एकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
जोन कार्यालयों में भी हुआ ध्वजारोहण
इसी क्रम में निगम के विभिन्न जोन कार्यालयों में प्रातः 7:30 बजे जोन समिति के अध्यक्षों द्वारा ध्वजारोहण किया गया। अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को नमन करते हुए देश की प्रगति, स्वच्छता एवं भिलाई के विकास में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य एवं सराहनीय सेवाओं के लिए निगम के अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। महापौर एवं निगम आयुक्त ने सम्मानित कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की और भविष्य में भी इसी उत्साह, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ जनसेवा करने के लिए प्रेरित किया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर निगम परिसर एवं विभिन्न स्थानों पर देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। समारोह ने नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, एकता, स्वच्छता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को और मजबूत किया।
