खैरागढ़ : जिले की पांच ग्राम पंचायतों में नवीन पंचायत भवन निर्माण के लिए कुल 1 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।। यह राशि गौण खनिज मद से पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को प्राप्त हुई है।। इस महत्वपूर्ण निर्णय से ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक व्यवस्था और बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रत्येक पंचायत भवन के निर्माण के लिए 20-20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।। जिन ग्राम पंचायतों को इस योजना का लाभ मिला है, उनमें खैरागढ़ जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम पंचायत जुनवानी, सोनपुरी और मड़ौदा शामिल हैं।। वहीं, छुईखदान जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत बकरकट्टा और जामगांव को भी इस योजना में शामिल किया गया है।।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने इस स्वीकृति के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और सांसद संतोष पांडे को धन्यवाद देते हुए कहा कि सरकार लगातार ग्राम पंचायतों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।।
उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार के कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है, जिससे आम नागरिकों को सीधे तौर पर लाभ मिल रहा है और स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक कार्यों में भी तेजी आएगी।।
