नरेंद्र शास्त्री पर IPC की धारा 376 के तहत केस दर्ज, न्यायिक प्रक्रिया शुरू
बागबाहरा,।* चावल के दानों से भविष्यवाणी करने के दावे के लिए क्षेत्र में चर्चित स्वयंभू भविष्यवक्ता नरेंद्र शास्त्री उर्फ “बासमती बाबा” को पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया है। थाना बागबाहरा में पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376(2)(j), 376(2)(n) एवं 376(2)(m) के तहत एफआईआर दर्ज हुई है।
*6 जून को मिली थी शिकायत* पुलिस के मुताबिक 06 जून 2026 को पीड़िता ने थाना बागबाहरा में लिखित आवेदन देकर आरोपी पर गंभीर आरोप लगाए। शिकायत पर प्रारंभिक जांच के बाद विधिसम्मत कार्रवाई शुरू की गई और तथ्यों के आधार पर एफआईआर दर्ज हुई। साक्ष्य संकलित करने के बाद 09 जून 2026 को नरेंद्र शास्त्री को गिरफ्तार कर लिया गया।
*अनुयायियों में थी मान्यता* नरेंद्र शास्त्री “बासमती बाबा” के नाम से क्षेत्र में जाने जाते थे। अनुयायियों के बीच मान्यता थी कि वे चावल के दानों से नौकरी, विवाह, राजनीतिक सफलता और व्यक्तिगत समस्याओं पर भविष्यवाणी करते हैं। बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उनके पास जाते थे।
*पुलिस बोली: जांच निष्पक्ष होगी* गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में चर्चाएं तेज हैं। कुछ लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने कहा कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है। साक्ष्यों और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे कार्रवाई होगी। कानूनी विशेषज्ञों का कहना है कि अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने पर ही आएगा। फिलहाल आरोपी पुलिस अभिरक्षा में है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।



