भिलाई में दो दिवसीय अखिल भारतीय रेडियो श्रोता सम्मेलन संपन्न

देशभर से जुटे रेडियो प्रेमी, सांसद विजय बघेल बोले- रेडियो का महत्व हमेशा रहेगा

दुर्ग/ रेडियो श्रोता दिवस के अवसर पर भिलाई में दो दिवसीय अखिल भारतीय रेडियो श्रोता सम्मेलन का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ रेडियो श्रोता संघ द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में देशभर से रेडियो उद्घोषक और श्रोता शामिल हुए। सम्मेलन में रेडियो से जुड़ी यादों और अनुभवों को साझा किया गया।

रेडियो का महत्व बरकरार: विजय बघेल
सम्मेलन के समापन समारोह में दुर्ग सांसद विजय बघेल शामिल हुए। उन्होंने देशभर से आए श्रोताओं को संबोधित करते हुए कहा कि रेडियो को लोकप्रिय बनाने में उद्घोषकों के साथ-साथ श्रोताओं का योगदान भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रोताओं को सम्मानित भी किया गया।
विजय बघेल ने दूरदर्शन समाचार से चर्चा में अपने पुराने रेडियो अनुभव साझा करते हुए कहा कि “रेडियो का महत्व पहले भी था, आज भी है और भविष्य में भी बना रहेगा।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ‘मन की बात’ के जरिए रेडियो को संवाद का सशक्त माध्यम बनाया और करोड़ों लोगों तक अपना संदेश पहुंचाया।

रेडियो की लोकप्रियता जीवंत रखने का उद्देश्य
सम्मेलन के संयोजक और छत्तीसगढ़ रेडियो श्रोता संघ के संरक्षक अशोक बजाज ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य लोगों का रेडियो से जुड़ाव बनाए रखना और श्रोताओं के बीच रेडियो की लोकप्रियता को जीवंत रखना है।

दो दिवसीय सम्मेलन में लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को रंगीन बनाया। वहीं पुराने दौर में इस्तेमाल होने वाले रेडियो सेटों की प्रदर्शनी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। देश के विभिन्न हिस्सों से आए रेडियो प्रेमियों ने इस आयोजन के माध्यम से रेडियो से जुड़ी अपनी पुरानी यादों को ताजा किया।

Exit mobile version