अहिवारा में ट्रांसफार्मर में लगी आग, 15 घंटे बिजली गुल रहने से लोग परेशान

नंदिनी अहिवारा। अहिवारा नगर के नहर पुल के पास मां लक्ष्मी मेडिकल के बाजू में लगे ट्रांसफार्मर में अचानक आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना के बाद पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने से पहले भी बिजली बार-बार गुल हो रही थी, जिससे लोग पहले से ही परेशान थे। आखिरकार ट्रांसफार्मर में आग लगने के बाद स्थिति और बिगड़ गई और करीब 15 घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद रही।

निवासियों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर को लेकर पहले भी कई बार बिजली विभाग को शिकायत की गई थी। ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकलने और ओवरलोड की समस्या लगातार बनी हुई थी, लेकिन विभाग ने इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि गर्मियों में बढ़ते लोड के कारण ट्रांसफार्मर पर दबाव बढ़ गया, जिससे यह हादसा हुआ। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मेंटेनेंस किया जाता तो इस घटना को टाला जा सकता था।

गौरतलब है कि गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में विभाग को पहले से ट्रांसफार्मर और लाइनों की जांच व मरम्मत करनी चाहिए। लेकिन लापरवाही के चलते आम जनता को खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।

घटना के बाद लंबे समय तक बिजली गुल रहने से पेयजल, घरेलू कामकाज और व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित रहीं।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जिम्मेदार ठेकेदार जो वार्षिक रखरखाव मेंटेनेंस का ठेका लेता है उसके बावजूद भी क्षेत्र में तार ढीला और कई प्रकार की खामियां देखने को मिलता है इसे स्पष्ट है कि कहीं ना कहीं ठेकेदार एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ गांठ कि संभावना लग रहा है ठेकेदार एवं अधिकारियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नियमित मेंटेनेंस सुनिश्चित किया जाए।

Exit mobile version