दुर्ग जिले में अपराधियों पर कड़ी निगरानी, तड़के 4 से 7 बजे तक पुलिस की व्यापक चेकिंग अभियान

भिलाई। दुर्ग जिले में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने एवं चाकूबाजों, गुण्डा तत्वों और निगरानी बदमाशों पर नियंत्रण बनाए रखने पुलिस ने गुरुवार को तड़के बड़ा अभियान चलाया। जिले के सभी थाना व चौकी क्षेत्रों में प्रातः 4:00 बजे से 7:00 बजे तक थाना/चौकी प्रभारियों ने दल-बल के साथ आकस्मिक चेकिंग कर बदमाशों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने प्रत्येक क्षेत्र में निवासरत चिन्हित अपराधियों के ठिकानों पर पहुंचकर उनकी मौजूदगी की जांच की। इस दौरान मिले बदमाशों को आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने और सामाजिक जीवन जीने की कड़ी समझाइश भी दी गई। पुलिस ने साफ चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

थाना-वार कार्रवाई इस प्रकार रही—

  • नेवई थाना – 03 बदमाश
  • पुरानी भिलाई – 05 बदमाश
  • कुम्हारी थाना – 04 बदमाश
  • उतई थाना – 03 बदमाश
  • रानीतराई – 09 बदमाश
  • अमलेश्वर थाना – 04 बदमाश
  • जामगांव व नंदिनी नगर क्षेत्र – 02 बदमाश

इनके विरुद्ध प्रतीकात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए बाउंड ओवर कराया गया है, ताकि भविष्य में किसी भी आपराधिक कृत्य पर कानूनी कार्रवाई तत्काल हो सके।

कुल कार्रवाई का विवरण—

  • 11 चाकूबाजों की चेकिंग
  • 211 गुण्डा बदमाशों की जांच
  • 94 निगरानी बदमाशों की चेकिंग

पुलिस का कहना है कि जिले में शांति व सुरक्षा बनाए रखने ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी।

Exit mobile version