भिलाई। भारतीय सनातन वैदिक गौरव की रक्षा हेतु 300 युवा तैयार’ आर्य समाज ने संभाली कमान।
आर्य समाज सेक्टर 6 भिलाई ने वैदिक सनातन धर्म की रक्षा और राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से आर्यवीर दल का सात दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर आरंभ किया है। इस शिविर में युवाओं एवं युवतियों को लाठी’भाला संचालन, योगासन, शारीरिक व्यायाम, मलखंब, आत्मरक्षा, सैन्य शैली अनुशासन, आदर्श दिनचर्या और वैदिक सभ्यता’संस्कृति के मूल्य आत्मसात कराए जाएंगे। अभी तक 200 युवा पहुंच चुके हैं और कल तक 300 प्रशिक्षार्थियों के शिविर में उपस्थित होने का अनुमान है। यह शिविर 21 से 27 दिसंबर तक निरंतर चलेगा जिसमें युवा एक साथ रहकर अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और वैदिक चिंतन की साधना करेंगे।

आचार्य अंकित शास्त्री ने कहा कि यह प्रशिक्षण युवाओं में आत्मविश्वास जगाने, शारीरिक’मानसिक विकास कराने और धर्म की रक्षा के लिए तत्पर नई पीढ़ी तैयार करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। मुख्य प्रशिक्षक संदीप आर्य सोनीपत से विशेष रूप से आमंत्रित किए गए हैं जो युवाओं को युद्धक शैली, शरीर संचालन और आत्मरक्षा की कला सिखाएंगे।
सुप्रसिद्ध वैदिक विद्वान और प्रेरक वक्ता आचार्य डॉक्टर अजय आर्य पूरे शिविर में वैचारिक उद्बोधन के माध्यम से युवाओं में वैदिक चेतना का संचार करेंगे जिससे उनके भीतर कर्तव्य’धर्म और राष्ट्र भक्ति की भावना और सुदृढ़ होगी।
कार्यक्रम संयोजक अवनी भूषण पुरंग ने शहरवासियों से निवेदन किया है कि वे अपने बच्चों को इस शिविर में भेजकर वैदिक गौरव की इस महान धारा में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि जो बच्चे उपस्थित नहीं हो सकते, उनके अभिभावक शिविर स्थल पहुंचकर दर्शन करें और सहयोगी बनें। यह आयोजन वैदिक सनातन धर्म की रक्षा, समाज की जागृति और राष्ट्र निर्माण का अद्वितीय प्रयास है।