वेद मंत्रों की गूंज और जयकारों से दिव्य बना वातावरण,
(यतेंद्र जीत सिंह “छोटू” जिला ब्यूरो चीफ खैरागढ़)
खैरागढ़ : परम तपस्वी संत रुख्खड़ स्वामी के आराध्य दक्षिणमुखी हनुमान जी के पावन सान्निध्य में आयोजित भव्य हनुमंत महाअभिषेक अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।। प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का आगमन प्रारंभ हो गया था और देखते ही देखते पूरा परिसर भक्तों से भर गया।।

वेदाचार्यों के सान्निध्य में विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना आरंभ हुई पंचामृत, गंगाजल, दुग्ध, दधि, घृत, शहद, चंदन एवं सुगंधित द्रव्यों से हनुमान जी का अभिषेक किया गया।। मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच “जय श्री राम” एवं “बजरंग बली की जय” के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।। श्रद्धालुओं ने क्रमवार अभिषेक में सहभागिता कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और क्षेत्र की शांति की कामना की।।

कार्यक्रम के दौरान सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं विशेष आरती का आयोजन भी किया गया दीपों की रोशनी और भक्ति संगीत से मंदिर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा। कई श्रद्धालुओं ने इसे आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अद्भुत अनुभव बताया।।आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि हनुमंत महाअभिषेक का उद्देश्य समाज में धर्म, सेवा और संस्कारों की भावना को सुदृढ़ करना है।।आयोजन में क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं नगर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।।

अंत में महाप्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।।समिति ने सभी श्रद्धालुओं, यजमानों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों में सहभागिता की अपील की।।





