भिलाई में 41वें वर्ष भव्य आयोजन, 26 मार्च को निकलेगी विशाल शोभायात्रा
भिलाई नगर। राम नवमी के अवसर पर श्रीराम जन्मोत्सव समिति द्वारा इस वर्ष भी भव्य आयोजन किया जा रहा है। 26 मार्च को होने वाले इस कार्यक्रम में जिले के 1 लाख से अधिक परिवारों से संग्रहित अन्न से महाप्रसाद तैयार किया जाएगा, जो आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता होगी।
समिति द्वारा यह आयोजन लगातार 41वें वर्ष किया जा रहा है, जो अब मध्य भारत के सबसे बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में अपनी पहचान बना चुका है।
‘एक मुट्ठी दान- श्रीराम के नाम’ अभियान की सफलता
समिति ने 22 फरवरी से “एक मुट्ठी दान- श्रीराम के नाम” अभियान चलाया, जिसमें भिलाईवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अभियान के तहत अब तक 1 लाख से अधिक परिवारों से अन्न संग्रहित किया जा चुका है।
भव्य शोभायात्राएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम
कार्यक्रम के तहत जिले के 12 प्रखंडों से शोभायात्राएं निकाली जाएंगी, जो तय मार्गों से होते हुए रामलीला मैदान पावर हाउस पहुंचेंगी। इसमें बाबा भोलेनाथ, चतुर्भुजी भगवान, मां बम्लेश्वरी और मां दंतेश्वरी की भव्य झांकियां शामिल होंगी। साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
प्रमुख संत और जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राम बालकदास महात्यागी (श्री पाटेश्वर धाम) उपस्थित रहेंगे।
वहीं अतिथि के रूप में गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत साहेब और प्रेमप्रकाश पाण्डेय सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
तैयारियां अंतिम चरण में
समिति के पदाधिकारियों के अनुसार आयोजन की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मुख्य शाखा, महिला शाखा और युवा शाखा द्वारा लगातार शहरभर में आमंत्रण दिया जा रहा है।
भिलाईवासियों के उत्साह और समर्पण से यह आयोजन हर साल और भव्य होता जा रहा है, जो आस्था और सामाजिक एकता का बड़ा प्रतीक बन चुका है।
