कॉमनवेल्थ गेम्स में 199 किग्रा भार उठाकर बढ़ाया भारत और छत्तीसगढ़ का मान
राजनांदगांव/ग्लास्गो। कॉमनवेल्थ गेम्स में संस्कारधानी राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने देश का नाम रोशन कर दिया। 53 किलोग्राम भार वर्ग स्पर्धा में उन्होंने 88 किलोग्राम स्नैच और 111 किलोग्राम क्लीन एंड जर्क सहित कुल 199 किलोग्राम भार उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि के साथ ग्लास्गो के मंच पर भारत का तिरंगा गर्व से लहराया।
ज्ञानेश्वरी की इस ऐतिहासिक जीत से राजनांदगांव में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों और नागरिकों ने इसे पूरे जिले का गौरव बताया।
छत्तीसगढ़ वेटलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष विजय बघेल और सचिव राजेश जंघेल ने बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के खेल इतिहास में नया अध्याय है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने साबित कर दिया कि मेहनत और अनुशासन से छोटे शहर की बेटियां भी विश्व मंच पर देश का मान बढ़ा सकती हैं।
