कांग्रेस से सार्वजनिक माफी की मांग, कहा- विदेश दौरों को ‘हनीमून ट्रिप’ बताना दुर्भाग्यपूर्ण
भिलाई। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं नगर पालिक निगम भिलाई के पूर्व सभापति राजेंद्र सिंह अरोरा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए बयान की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे ‘नारी शक्ति का अपमान’ बताते हुए कांग्रेस से सार्वजनिक माफी की मांग की।
अरोरा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश की विदेश नीति और अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई देने के लिए विश्व के विभिन्न देशों का दौरा कर रहे हैं। इटली प्रवास के दौरान वहां की प्रधानमंत्री से हुई शिष्टाचार भेंट को ‘हनीमून ट्रिप’ बताना बेहद आपत्तिजनक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि PM मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री को ‘मेलोडी चॉकलेट’ सौजन्य स्वरूप भेंट की थी, जो दो राष्ट्राध्यक्षों के बीच सांस्कृतिक सद्भाव का प्रतीक है।
कांग्रेस पर पलटवार
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अरोरा ने कहा, “जब पंडित जवाहरलाल नेहरू विदेश दौरों पर जाते थे, उस दौर की कई तस्वीरें आज भी सार्वजनिक हैं। कांग्रेस को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।” उन्होंने सवाल किया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी साल में कई बार विदेश जाते हैं, PCC अध्यक्ष को बताना चाहिए कि वे किन कारणों से जाते हैं।
‘मातृशक्ति का वंदन करने वाला देश है भारत’
अरोरा ने कहा, “भारत मातृशक्ति का वंदन करने वाला देश है। इटली से आई श्रीमती सोनिया गांधी का भी देश का प्रत्येक नागरिक सम्मान करता है। ऐसे में इटली की महिला प्रधानमंत्री को चॉकलेट भेंट करने पर ऐसी टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है।”
उन्होंने कहा कि दीपक बैज को अपने बयान के लिए देश की मातृशक्ति और प्रधानमंत्री से सार्वजनिक रूप से क्षमा याचना करनी चाहिए। कांग्रेस को सकारात्मक राजनीति की दिशा तय करनी होगी, वरना पतन से कोई नहीं बचा सकता।
