भिलाई-3 के खूबचंद बघेल कॉलेज में प्राचार्य की कार्यप्रणाली पर सवाल

स्टाफ में भारी नाराजगी, पौधरोपण के नाम पर 2 हजार की वसूली, शो-कॉज नोटिस से हड़कंप

भिलाई-3। डॉ. खूबचंद बघेल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भिलाई-3 में प्राचार्य की कार्यप्रणाली को लेकर पूरे कॉलेज में असंतोष का माहौल है। रोज नए आदेश, कारण बताओ नोटिस और कर्मचारियों पर दबाव से स्टाफ में रोष बढ़ता जा रहा है। शहर में भी कॉलेज के माहौल को लेकर चर्चा हो रही है।

पौधरोपण के नाम पर वसूली का आरोप
सूत्रों के अनुसार कॉलेज में पौधरोपण के नाम पर प्रत्येक स्टाफ से 2000 रुपये की मांग की गई है। पैसा नहीं देने पर मानसिक प्रताड़ना देने और 2 प्राध्यापकों को शो-कॉज नोटिस जारी करने का भी आरोप है। यह नोटिस अब शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

जनभागीदारी और व्यवस्था पर उठे सवाल
स्टाफ का आरोप है कि जनभागीदारी समिति के चपरासियों को हटा दिया गया हैजो बचे हैं उनसे घास छिलवाने जैसे काम कराए जा रहे हैं। चपरासियों को साफ-सफाई से मना करने के कारण कॉलेज परिसर में जगह-जगह गंदगी है।

इसके अलावा प्राचार्य खुद बायोमेट्रिक उपस्थिति नहीं देतीं, जबकि पूरे स्टाफ पर इसके लिए दबाव बनाया जाता है। जनभागीदारी के पैसों का कोई हिसाब नहीं दिया जा रहा है।

परीक्षा और शैक्षणिक गतिविधियों में गड़बड़ी का आरोप
आरोप है कि परीक्षा ड्यूटी में बाहर के लोगों को लगाया गयाअतिथि व्याख्याताओं के रहते हुए कॉलेज के पूर्व छात्रों से एग्जाम ड्यूटी कराई गई।

कॉलेज में किसी भी प्रकार की शैक्षणिक गतिविधि नहीं हो रही है और न ही करने दी जा रही है। लाइब्रेरी में नए पाठ्यक्रम की किताबें भी उपलब्ध नहीं हैं, जबकि छात्र पांचवें सेमेस्टर में पहुंच चुके हैं।

उच्च स्तर पर शिकायत की तैयारी
कॉलेज सूत्रों का कहना है कि प्राचार्य की मनमानी से पूरा स्टाफ परेशान है और इसकी उच्च स्तर पर शिकायत करने की तैयारी की जा रही है।

इस संबंध में प्राचार्य से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। कॉल करने पर भी उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

फिलहाल कॉलेज का शैक्षणिक माहौल बिगड़ने और प्रशासनिक अराजकता के आरोपों के कारण पूरा स्टाफ और छात्र नाराज हैं।

Exit mobile version