00 मुख्य बाजार, सराफा लाइन, बस स्टैंड सहित आउटर क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर रखी गई विशेष नजर,
00 गुंडा, निगरानी एवं आदतन बदमाशों के घरों में दबिश देकर उनकी गतिविधियों की जांच,
00 होटल, लॉज एवं ढाबों की विधिवत जांच, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर ब्रीथ एनालाइजर से कार्रवाई,
(यतेन्द्र जीत सिंह छोटू ब्यूरो चीफ जिला खैरागढ़)
खैरागढ़ : जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से आज थाना खैरागढ़, छुईखदान गंडई में विजिबल पुलिसिंग के तहत व्यापक कॉम्बिंग गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।।
अभियान के दौरान पुलिस टीम द्वारा शहर के मुख्य बाजार, सराफा लाइन, बस स्टैंड तथा अन्य भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी गई।। इसके साथ ही शहर के आउटर क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर पेट्रोलिंग कर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा गया।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान गुंडा, निगरानी एवं आदतन बदमाशों के घरों में दबिश देकर उनकी वर्तमान गतिविधियों एवं उपस्थिति की जांच की गई तथा उन्हें कानून व्यवस्था भंग करने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।।

पुलिस टीम द्वारा थाना क्षेत्र के होटल, लॉज एवं ढाबों की विधिवत जांच कर आगंतुकों के रिकॉर्ड एवं पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन किया गया तथा संचालकों को निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की गई।। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई तथा वाहन चालकों को सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण वाहन संचालन के लिए जागरूक किया गया।।
के सी जी पुलिस द्वारा आमजन की सुरक्षा, अपराधों की रोकथाम एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से इस प्रकार के विजिबल पुलिसिंग, कॉम्बिंग गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि अथवा घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देकर कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।।