भिलाई। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय, भिलाई द्वारा वर्ष 2025-26 में एकीकृत राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें शामिल 20 विभिन्न विधाओं के खेलों में विश्वविद्यालय के संगठक व संबद्धता प्राप्त प्रदेश के 176 महाविद्यालय से लगभग 5000+ खिलाड़ियों ने भाग लिया और आयोजन को सफल बनाया।
उक्त आयोजन को सफल बनाने में सहायक विवि खेल समिति के सम्माननीय सदस्यों, मेजबान व प्रतिभागी महाविद्यालय के प्राचार्य/निदेशक, पर्यवेक्षक, विवि टीम चयनकर्ता, कोच, मैनेजर, एआईयू प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ी, एकीकृत राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता के विजेता-उपविजेता व प्रतिभागी खिलाड़ियों का सम्मान करने के उद्देश्य से *स्वामी विवेकानंद जी के जयंती व राष्ट्रीय युवा दिवस के पावन अवसर पर दिनांक 12 जनवरी 2026,दिन सोमवार, समय दोप. 2 बजे से, स्थान कलामंदिर परिसर सिविक सेंटर भिलाई में युवा महोत्सव व एकीकृत राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता 2025-26 सम्मान समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा किया गया।

नवीन शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए शैक्षणिक सत्र 2025-26 से छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय द्वारा सीएसवीटीयू एकीकृत राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य शिक्षा के साथ खेलों को अभिन्न रूप से जोड़ते हुए अकादमिक एवं खेल गतिविधियों के मध्य संतुलन स्थापित करना है।
यह प्रतियोगिता 6 अक्टूबर 2025 से 17 दिसंबर 2025 तक सफलतापूर्वक आयोजित की गई, जिसमें कुल 20 खेल विधाएँ सम्मिलित रहीं (12 टीम खेल एवं 8 व्यक्तिगत खेल)। विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के 5,000 से अधिक विद्यार्थियों ने इसमें सहभागिता की, जिनमें लगभग 2,000 छात्राएँ एवं 3,000 छात्र शामिल रहे।
इस प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित विश्वविद्यालय टीम के खिलाड़ी अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं। अब तक सीएसवीटीयू के 18 पुरूष व महिला टीमें अखिल भारतीय पूर्वी क्षेत्र की प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी हैं। विशेष रूप से सीएसवीटीयू महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार इस स्तर पर सहभागिता की है, वहीं सीएसवीटीयू पुरुष फुटबॉल टीम ने अखिल भारतीय दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र प्रतियोगिता में चार विश्वविद्यालयों को पराजित करते हुए क्वार्टर फाइनल में विजय प्राप्त कर सेमीफाइनल तक पहुँचने का गौरव हासिल किया है।

विश्वविद्यालय खेल विभाग के ये प्रयास विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन, टीम भावना एवं आत्मविश्वास के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। आज स्वामी विवेकानंद जी की जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आयोजित युवा महोत्सव में खिलाड़ियों के सम्मान समारोह जैसी गतिविधियाँ उनके मनोबल को सुदृढ़ करेंगी तथा उनमें नवीन उत्साह का संचार करेंगी। हमें पूर्ण विश्वास है कि भविष्य में हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय एवं राज्य का गौरव और अधिक बढ़ाएंगे।




