भिलाई इस्पात संयंत्र में करोड़ों की लौह सामग्री चोरी, नेता प्रतिपक्ष ने की CBI जांच की मांग

भोजराज सिन्हा बोले- राष्ट्रीय संपत्ति पर सुनियोजित हमला, दोषियों को कठोर दंड मिले

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र से करोड़ों रुपये की लौह सामग्री चोरी के मामले को नगर पालिक निगम भिलाई के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने राष्ट्रीय संपत्ति और औद्योगिक सुरक्षा पर सुनियोजित हमला बताया है। उन्होंने पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है।

CBI जांच ही उजागर करेगी सच: भोजराज सिन्हा
नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने कहा कि यह केवल आपराधिक घटना नहीं, बल्कि जनविश्वास पर हमला है। दुर्ग पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो सराहनीय है। लेकिन सवाल उठता है कि इतनी बड़ी चोरी कुछ लोगों के बूते संभव नहीं। इसके पीछे किसका संरक्षण था, नेटवर्क कैसे चला और किसे आर्थिक लाभ पहुंचा, इसकी गहन जांच जरूरी है।

राष्ट्र निर्माण के प्रतीक पर हमला
श्री सिन्हा ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र लाखों लोगों की भावनाओं और राष्ट्र निर्माण का प्रतीक है। यहां से करोड़ों की सामग्री चोरी होना चिंताजनक है। यह संगठित आपराधिक तत्वों का काम है। ऐसे अपराधों से करदाताओं के धन, सार्वजनिक उपक्रमों की प्रतिष्ठा और शासन की विश्वसनीयता को ठेस पहुंचती है। दोषियों को बेनकाब कर कठोर दंड नहीं मिला तो संगठित आर्थिक अपराधों को बढ़ावा मिलेगा।

एसपी को सौंपा प्रतिवेदन
भोजराज सिन्हा ने पुलिस अधीक्षक दुर्ग को प्रतिवेदन सौंपकर राज्य शासन और सक्षम प्राधिकारियों से सीबीआई जांच की अनुशंसा भेजने की मांग की है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र और उच्चस्तरीय एजेंसी की जांच के बिना वास्तविक षड्यंत्रकारियों, संरक्षणकर्ताओं और लाभार्थियों का खुलासा नहीं हो पाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा और जनभावनाओं का सम्मान करते हुए निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version