कोहका पानी टंकी की लीकेज मरम्मत शुरू, पांच साल से बह रहा था हजारों लीटर पानी

भाजपा नेता शारदा गुप्ता की शिकायत पर निगम हरकत में, जल संरक्षण की उठाई मांग

भिलाई। कोहका स्थित मंगल बाजार पानी टंकी में पिछले पांच साल से हो रही पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत आखिरकार शुरू हो गई है। भाजपा नेता शारदा गुप्ता की शिकायत के बाद नगर निगम ने 19 जून से काम शुरू कराया।

रोज बह रहा था हजारों लीटर पानी
शारदा गुप्ता ने बताया कि टंकी में पानी भरते ही पाइपलाइन से रिसाव शुरू हो जाता था। इससे रोज हजारों लीटर पानी नालियों में बह रहा था। वहीं शांति नगर कॉलोनी के लोग पानी की किल्लत से जूझ रहे थे। उन्होंने नगर निगम आयुक्त से शिकायत की, जिसके बाद मरम्मत कार्य शुरू हुआ।

स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी
समाजसेवी टिकेंद्र कुमार और रमेश देशमुख ने कहा कि पाइपलाइन लंबे समय से क्षतिग्रस्त थी। समय पर सुधार न होने से पानी की भारी बर्बादी हो रही थी। क्षेत्रवासियों का कहना है कि एक तरफ नालियों में पानी बह रहा था, दूसरी तरफ लोग बूंद-बूंद को तरस रहे थे।

जल संरक्षण की मांग उठाई
शारदा गुप्ता ने कहा कि भूजल स्तर लगातार गिर रहा है और बोरिंग फेल हो रहे हैं। शिवनाथ नदी पास होने के बावजूद पानी की समस्या गंभीर है। उन्होंने तालाबों के गहरीकरण, हर घर में रेन हार्वेस्टिंग अनिवार्य करने और बरसात के पानी के संरक्षण की ठोस योजना बनाने की मांग की।

इस मांग का कन्हैया सोनी, रवि सिंह, निशु पांडे, डॉ. रमेश श्रीवास्तव, विनोद उपाध्याय, बृजमोहन उपाध्याय, वीरेंद्र यादव समेत कई कार्यकर्ताओं ने समर्थन किया।

Exit mobile version