बागडूमर सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव फेल, दामिनी साहू पद पर बरकरार

नंदिनी अहिवारा। नंदिनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बागडूमर में मंगलवार को सरपंच के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव बहुमत के बावजूद पारित नहीं हो सका। निर्धारित दो-तिहाई समर्थन नहीं मिलने से सरपंच सुश्री दामिनी साहू अपने पद पर बनी रहेंगी।

जानकारी के अनुसार, आज 21 अप्रैल 2026 को सुबह 11:40 बजे से दोपहर 1:50 बजे तक तहसीलदार राधेश्याम वर्मा की मौजूदगी में पंचायत भवन में विशेष बैठक आयोजित की गई। इस दौरान गांव के 15 से 20 लोगों की उपस्थिति में सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान कराया गया।

ग्राम पंचायत बागडूमर, जिसमें आश्रित ग्राम सेमरिया भी शामिल है, कुल 17 वार्डों वाली पंचायत है। मतदान के दौरान 12 पंचगण उपस्थित रहे, जबकि 5 पंच अनुपस्थित रहे। मतदान के बाद हुई मतगणना में कुल 12 मतपत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 11 मत अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में और 1 मत विपक्ष में पड़ा।

हालांकि, नियमानुसार प्रस्ताव पारित करने के लिए दो-तिहाई बहुमत आवश्यक होता है, जो इस मामले में पूरा नहीं हो पाया। इसी कारण अविश्वास प्रस्ताव खारिज कर दिया गया और सरपंच दामिनी साहू अपने पद पर यथावत बनी रहेंगी।

बैठक के दौरान प्रशासनिक अमला मौजूद रहा और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।

Exit mobile version