अवैध रेत भंडारण पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1740 घनमीटर रेत जब्त

आरंग में दो हाईवा वाहन भी पकड़े, ड्रोन से की जा रही निगरानी

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर प्रदेश में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग की कार्रवाई जारी है। राज्य शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत विभाग दिन रात निगरानी कर रहा है।

सचिव खनिज साधन विभाग और संचालक के निर्देश पर केंद्रीय खनि उड़नदस्ता एवं जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने आरंग तहसील के ग्राम कागदेही में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान समोदा-कागदेही मार्ग और आर्या पेट्रोल पंप के दक्षिण दिशा में फॉरेस्ट नर्सरी के पास बिना वैध अनुमति के गौण खनिज साधारण रेत का अवैध भंडारण मिला।

छत्तीसगढ़ खनिज नियम 2009 के उल्लंघन की पुष्टि होने पर खान एवं खनिज अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई करते हुए लगभग 1740 घनमीटर रेत जब्त की गई। जब्त रेत को नगर पंचायत समोदा के पार्षद देवेंद्र कुमार साहू के सुपुर्द किया गया।

जांच के दौरान ग्राम समोदा के पास अवैध रेत परिवहन में लगे दो हाईवा वाहनों को भी जब्त कर आरंग थाना परिसर में खड़ा कराया गया।

विभाग द्वारा रात्रिकालीन गश्त, सघन निगरानी, औचक निरीक्षण और छापेमार कार्रवाई के साथ ड्रोन जैसी तकनीकों का भी उपयोग किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Exit mobile version