जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए आगे आईं समितियां, बांटी ₹44,930 की सहायता

नीट की तैयारी कर रही छात्रा को ₹20,000 का चेक, तीन बहनों की पढ़ाई के लिए ₹10,000 दिए

भिलाई: यूथ सिख सेवा समिति, भिलाई और सर्व समाज कल्याण समिति, भिलाई ने आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा सहायता प्रदान की है। समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छोटू के निर्देशन में आवेदनों का सत्यापन कर यह सहायता दी गई।

डॉक्टर बनना चाहती है मेधावी छात्रा
पिता के साये से वंचित एक मेधावी छात्रा ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद 12वीं कक्षा में 89% अंक प्राप्त किए हैं। वह आगे डॉक्टर बनकर समाज सेवा करना चाहती है और नीट 2027 की तैयारी कर रही है। समिति ने उसकी प्रतिभा और संघर्ष को सम्मान देते हुए ₹20,000 की शिक्षा सहायता राशि का चेक प्रदान किया।

तीन बहनों की पढ़ाई के लिए मदद
एक ही परिवार की तीन बेटियों की शिक्षा निरंतर जारी रखने के लिए सर्व समाज कल्याण समिति ने ₹10,000 की आर्थिक सहायता दी, ताकि आर्थिक तंगी उनकी पढ़ाई में बाधा न बने।

अन्य बच्चों को भी मिली सहायता
सत्यापन के बाद एक आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के बच्चे के एडमिशन के लिए ₹5,610 की सहायता दी गई। आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार की एक बच्ची की पढ़ाई के लिए ₹4,500 और एक अन्य छात्रा की शिक्षा के लिए ₹4,820 की राशि प्रदान की गई।

समिति द्वारा कुल ₹44,930 की शिक्षा सहायता दी गई। समिति का कहना है कि वह लगातार जरूरतमंद और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए सहयोग कर रही है, ताकि हर होनहार बच्चा अपने सपनों को साकार कर सके।

Exit mobile version