महासमुंद। जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महासमुंद पुलिस ने करीब 912.760 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त वाहन, मोबाइल और फर्जी नंबर प्लेट समेत कुल 4 करोड़ 66 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार तस्कर केले के परिवहन की आड़ में गांजा छिपाकर ओडिशा से उत्तरप्रदेश ले जा रहे थे। सूचना मिलने पर एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना बसना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पलसापाली बैरियर के पास नाकाबंदी की। इस दौरान एक आयशर प्रो 2059 वाहन को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन में लदे केले के बीच 29 बोरियों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से आरोपी अब्दुल नईम (42 वर्ष), निवासी पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), झारखंड को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पुलिस को गुमराह करने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर रहे थे। वाहन से ओडिशा और उत्तरप्रदेश नंबर की चार फर्जी प्लेट भी जब्त की गई हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
महासमुंद पुलिस के अनुसार पिछले तीन महीनों में जिले में 72 प्रकरणों में 5629.602 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है और 187 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
