दुर्ग। विश्व स्वास्थ्य दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दुर्ग द्वारा स्वास्थ्य एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन पैरालीगल वालेंटियर्स की टीमों ने आमजन को दी स्वास्थ्य व अधिकारों की जानकारी।
विश्व स्वास्थ्य दिवस के पावन अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग द्वारा एक व्यापक, प्रभावी स्वास्थ्य एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर दुर्ग, पाटन, भिलाई-3 एवं धमधा क्षेत्र के पैरालीगल वॉलंटियर्स (PLVS) ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुँचकर स्वास्थ्य एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण कार्य किया।
शिविर के अंतर्गत पैरालीगल वॉलंटियर्स की टीमों ने स्वास्थ्य केन्द्रोें, गाँवों, शहरों, स्कूलों, काॅलेजों तथा मोहल्लों में घर-घर जाकर बच्चों, बुजुर्गों एवं युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। साथ ही, आमजन को नि:शुल्क विधिक सहायता, नि:शुल्क अधिवक्ता की सुविधा तथा विभिन्न प्रकार की विधिक सलाह के बारे में भी जागरूक किया गया। लोगों को बताया गया कि दुर्ग जिले के आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दुर्ग में नि:शुल्क अधिवक्ता एवं विधिक परामर्श प्राप्त कर सकते हैं।
इस दौरान संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य तथा नशामुक्त जीवन के लाभों के साथ-साथ NDPS एक्ट, छ०ग० आबकारी अधिनियम, घरेलू हिंसा, महिला अधिकार, बाल संरक्षण एवं अन्य महत्वपूर्ण विधिक विषयों पर भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि आमजन ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वास्थ्य एवं विधिक विषयों पर खुलकर संवाद किया। शिविर के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि “स्वस्थ जीवन एवं न्यायपूर्ण समाज, दोनों ही एक सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं” तथा प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य एवं अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग का यह प्रयास समाज में स्वास्थ्य एवं विधिक जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय पहल सिद्ध हुआ है।
