भिलाई। कोहका स्थित सर्व समाज कल्याण समिति के कार्यालय में समिति अध्यक्ष एवं हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी के डायरेक्टर इंद्रजीत सिंह ने क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, वरिष्ठजनों एवं युवाओं से भेंट कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा त्वरित समाधान हेतु हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी आयोजनों के आमंत्रण स्वीकार करते हुए आयोजकों को शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं।
इसी क्रम में बीरा सिंह मल्टीस्पेशालिटी हॉस्पिटल के डायरेक्टर के रूप में इंद्रजीत सिंह ने अस्पताल का निरीक्षण कर उपचाररत मरीजों से मुलाकात की एवं उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने डॉक्टरों एवं सहायक स्टाफ से उपचार प्रक्रिया, मरीजों की स्थिति एवं आवश्यक मेडिकल रिपोर्ट्स की जानकारी प्राप्त करते हुए बेहतर चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सामाजिक सरोकार निभाते हुए वे सेक्टर-5, भिलाई निवासी सूर्यभान सिंह एवं उदयभान की माता स्वर्गीय सुशीला देवी की शोकसभा में शामिल हुए। उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित कर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया तथा ईश्वर से परिवार को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
इसके साथ ही हुडको यूथ क्रिकेट क्लब द्वारा हुडको क्रिकेट स्टेडियम, भिलाई में आयोजित यूनिटी कप क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच में भी इंद्रजीत सिंह ने सहभागिता की। उन्होंने युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए सफल आयोजन के लिए समिति को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, भिलाई नगर निगम के वरिष्ठ पार्षद सीजू एंथोनी, आयोजन समिति के राहुल भोंसले, रेहान अहमद, गोल्डी सोनी सहित सर्व समाज कल्याण समिति के महासचिव मलकीत सिंह, उपाध्यक्ष योगा राव, शाहनवाज कुरैशी एवं बड़ी संख्या में युवा खलाड़ी, नगरवासी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
इंद्रजीत सिंह की निरंतर सक्रियता को क्षेत्र में सामाजिक सेवा, स्वास्थ्य संवेदनशीलता एवं युवाओं के प्रोत्साहन का सकारात्मक उदाहरण माना जा रहा है।
