सोनहत के नौगई में खौफनाक वारदात, फॉर्च्यूनर सहित लोगों को जिंदा जलाने का आरोप, एक की मौत

कोरिया। जिले के सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई गांव से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। देर रात अज्ञात लोगों ने कथित रूप से एक फॉर्च्यूनर वाहन सहित उसमें मौजूद लोगों को आग के हवाले कर दिया। इस खौफनाक घटना में लल्ला सिंह नामक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया, जिसकी मौत हो गई, जबकि अन्य घायल जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

अन्य घायलों का उपचार जारी
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर और अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के IG दीपक झा और MCB जिले की पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से जली हुई फॉर्च्यूनर कार व एक अन्य कार को बरामद किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए, अफसरों ने पुलिस टीम को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

विशेष टीम का गठन
पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की हैं। आसपास के क्षेत्रों में लगातार सघन जांच और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। फिलहाल इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

Exit mobile version