प्रांतीय अखंड ब्राह्मण संगठन ने हर्षोल्लास के साथ मनाया हिंदू नववर्ष ‘नव संवत 2083’

101 कन्या पूजन, जसगीत प्रतियोगिता और 501 दीपों के प्रज्वलन से गुंजायमान हुआ आयोजन

रायपुर: प्रांतीय अखंड ब्राह्मण संगठन द्वारा हिंदू नववर्ष ‘विक्रम संवत 2083’ का भव्य स्वागत भक्ति, संस्कृति और नवचेतना के साथ किया गया। चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धा और धार्मिक चेतना का अनुपम दृश्य देखने को मिला, जहाँ बड़ी संख्या में सनातनी जनसमुदाय एकत्रित हुआ।

नववर्ष के इस पावन आगमन पर संगठन द्वारा विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ 101 कन्याओं के विधि-विधान से पूजन, भोजन एवं श्रृंगार के साथ हुआ। संध्या वेला में 501 दीप प्रज्वलित कर समूचे परिसर को आलोकित किया गया। स्थानीय कलाकारों द्वारा जसगीत प्रतियोगिता और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोक संस्कृति की छटा बिखेरी गई। इसके साथ ही धर्म ध्वजा का वितरण भी किया गया। इस गरिमामय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रूप नारायण सिन्हा (अध्यक्ष, योग आयोग), वार्निका शर्मा (अध्यक्ष, बाल संरक्षण आयोग), हरिओम शर्मा (प्रांत संयोजक, कुटुंब प्रबोधन) एवं ज्ञानेश शर्मा उपस्थित रहे।

अतिथियों ने अपने प्रभावी संदेश में समाज की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि हमें अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के उत्थान के लिए सकारात्मक ऊर्जा के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने संगठन के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया।

आयोजन की मुख्य सूत्रधार संगठन की अध्यक्ष भारती शर्मा ने बताया कि नवरात्रि का प्रथम दिन होने के बावजूद लोगों की भारी उपस्थिति यह दर्शाती है कि समाज अपनी जड़ों और परंपराओं के प्रति जागृत है। कार्यक्रम को सफल बनाने में कमलेश, उमेश, हितेश, गौरव, सतीश शर्मा, सुनील मिश्रा, निशा, विजयलक्ष्मी, अल्का, बिनु, संजीता, रत्ना, सरिता, प्रीति, रानू, सुषमा, अर्चना, मृदुला, रोशनी, रोमी, अरुणा, अनीता, शैल, करुणा और भारती सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा। यह जानकारी प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रांजल शुक्ला द्वारा दी गई।

Exit mobile version