“स्वतंत्रता अधिकार नहीं, राष्ट्र के प्रति कर्तव्य है” : देवेश मिश्रा

भगवा पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ने दुर्ग, भिलाई, अमलेश्वर और रायपुर में किया ध्वजारोहण

दुर्ग / रायपुर। भगवा पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष देवेश मिश्रा ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को स्वाधीनता पर्व की शुभकामनाएं दीं।

श्री मिश्रा ने शुक्रवार सुबह निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दुर्ग स्थित शिक्षा संस्कार विद्यालय प्रगति नगर रिसाली भिलाई, अमलेश्वर और रायपुर के सुंदरनगर स्थित प्रदेश कार्यालय में तिरंगा फहराया।

“राष्ट्र के प्रति जवाबदेही जरूरी”
शिक्षा संस्कार विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवेश मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय में स्वतंत्रता का अर्थ केवल अधिकार नहीं अपितु राष्ट्र के प्रति हमारी जवाबदेही, हमारा कर्तव्य है।

उन्होंने कहा “आज हम देख रहे हैं कि जो भी पार्टी सत्ता में आती है वह सत्तासीन होने के बाद जनता से किए वादों को भूल जाती है और संविधान के विपरीत कार्य करने लगती है। ऐसे लोगों से सावधान रहकर हमें अपनी सनातन संस्कार परंपरा व उद्यमों को विकसित करने वाली भगवा पार्टी के साथ एकजुट रहकर कार्य करना है। देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।”

विद्यालय में देशभक्ति का माहौल
पोटिया स्थित शिक्षा संस्कार विद्यालय में सुबह 8 बजे ध्वजारोहण किया गया। सर्वप्रथम भारत माता एवं महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। तिरंगा ध्वज की पूजा के साथ ही पूरा वातावरण “वंदेमातरम”, “तिरंगा झंडा की जय” और “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा।

इस दौरान श्री मिश्रा ने पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष हीरेन्द्र साहू, अतुल नंद शुक्ला, प्रदेश महासचिव ज्ञानेश्वर प्रसाद ताम्रकार, प्रदेश कोषाध्यक्ष परमेश्वर ठाकुर, प्रदेश सचिव मनोज गुप्ता, भोजराज यादव एवं स्कूल संचालक मंडल प्रमुख विजय कटरे के साथ ध्वजारोहण किया।

बच्चों के साथ राष्ट्रीय गान “जन-गण-मन” और राष्ट्रीय गीत “वंदेमातरम” का गायन किया गया। छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मुख्य अतिथि देवेश मिश्रा ने विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाले बच्चों को उपहार भी भेंट किए।

Exit mobile version