Sunday, June 7, 2026

हिमाचल हादसे में भिलाई के चंद्राकर परिवार के 4 लोगों की मौत

500 मीटर गहरी खाई में गिरी टैक्सी, 8 की जान गई; पूर्व सीएम बघेल के हस्तक्षेप से तेज हुआ रेस्क्यू

भिलाई: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में भिलाई के मूल निवासी एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। चुराह उपमंडल के कालावन क्षेत्र के पास पर्यटकों से भरी टैक्सी करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कुल 8 लोगों की जान चली गई।

छुट्टियां मनाने गए थे हिमाचल
मृतकों में अरविंद चंद्राकर, पत्नी प्राची उर्फ पिंकी चंद्राकर, पुत्र अक्षद चंद्राकर (11 वर्ष) और दर्श चंद्राकर (8 वर्ष) शामिल हैं। अरविंद लंबे समय से बेंगलुरु में रहकर बैंकिंग सेक्टर में कार्यरत थे। पूरा परिवार नौकरी के सिलसिले में बेंगलुरु शिफ्ट हो गया था। छुट्टियां बिताने के लिए परिवार हिमाचल घूमने गया था, जो आखिरी यात्रा साबित हुई।

बघेल के हस्तक्षेप से तेज हुआ रेस्क्यू
हादसे की जानकारी मिलते ही जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से संपर्क किया। बघेल ने तत्काल हिमाचल के मुख्यमंत्री से चर्चा कर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने का आग्रह किया। उनके हस्तक्षेप के बाद प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान को प्राथमिकता दी।

एक दिन बाद मिली हादसे की खबर
पुलिस के अनुसार दुर्घटना शुक्रवार रात हुई, लेकिन दुर्गम क्षेत्र होने के कारण प्रशासन को शनिवार को सूचना मिली। सभी शवों को खाई से निकालकर डलहौजी जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया है।

मरोदा सेक्टर में पसरा मातम
अरविंद चंद्राकर के पिता एस.एल. चंद्राकर भिलाई के मरोदा सेक्टर सी-पॉकेट में रहते हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों को घटना की जानकारी देने में भी कठिनाई हो रही है। अरविंद के छोटे भाई रविंद्र चंद्राकर हिमाचल रवाना हो गए हैं। वे कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शवों को भिलाई लाएंगे। इस हादसे से भिलाई सहित पूरे छत्तीसगढ़ में शोक की लहर है।

ताज़ा ख़बरें

खबरें और भी हैं...

अतिरिक्त ख़बरें