फर्जी ट्रांसफर आदेश कांड: डॉक्टर समेत तीन पर FIR, भाजपा जिला महामंत्री गिरफ्तार

बलौदाबाजार: स्वास्थ्य विभाग में फर्जी ट्रांसफर आदेश तैयार कर पेश करने के सनसनीखेज मामले में पलारी पुलिस ने डॉक्टर समेत तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। इस मामले में भाजपा जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी को गिरफ्तार किया गया है, वहीं भाजपा संगठन ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार रोहांशी PHC में पदस्थ डॉ. करण कुमार देवांगन का रोहांशी से मोपर PHC भाटापारा स्थानांतरण का आदेश विभाग में प्रस्तुत किया गया था। आदेश पर CMHO के फर्जी हस्ताक्षर पाए गए। विभागीय जांच में आदेश फर्जी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस में शिकायत की।

शिकायत पर पलारी थाने में BNS की धारा 3(5), 318(4), 336(3), 337, 338 और 340(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में भाजपा नेता कृष्णा अवस्थी की भूमिका सामने आई। आरोप है कि डॉक्टर के साथ मिलकर पैसे लेकर फर्जी आदेश तैयार कराया गया था।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश पर कृष्णा अवस्थी को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। पुलिस फर्जी दस्तावेज और लेन-देन के पहलुओं की जांच कर रही है।

Exit mobile version