भुलाटोला में अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन का हुआ भूमिपूजन
खैरागढ़ : ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत भुलाटोला में अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन का भूमिपूजन कार्यक्रम उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ।। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह जनसहभागिता से परिपूर्ण नजर आया।।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित हुए। ग्रामीणों की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया गया।। इस दौरान अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण भी उपस्थित रहे और सभी ने इस पहल को ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विक्रांत सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से यह केंद्र सरकार की एक अभिनव पहल है। अटल डिजिटल सेवा केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाएं, राशि निकासी, प्रमाण पत्र संबंधित कार्य सहित पंचायत स्तर के कई आवश्यक कार्य एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगे।। इससे ग्रामीणों का समय और श्रम दोनों की बचत होगी तथा उन्हें शहरों की ओर भटकना नहीं पड़ेगा।।
उन्होंने आगे कहा कि केंद्र और राज्य दोनों स्तर पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार जनहितकारी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर सरकार प्रतिबद्ध है और इसी दिशा में गांव-गांव तक सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।।
इस दौरान विक्रांत सिंह ने प्रधानमंत्री आवास प्लस 2.0 योजना का भी उल्लेख करते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ में इसके लिए ग्राम पंचायतों को सूची जारी कर दी गई है, जिसमें पंचायतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से अपील की कि कोई भी पात्र हितग्राही इस योजना के लाभ से वंचित न रहे।।कार्यक्रम के दौरान उन्होंने महिलाओं से महतारी वंदन योजना के संबंध में जानकारी ली। इस पर उपस्थित महिलाओं ने बताया कि यह योजना उनके आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में बेहद प्रभावी साबित हो रही है।। महिलाओं ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार भी व्यक्त किया।। इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, गोरेलाल वर्मा, दानी जंघेल, महेंद्र वर्मा, विक्रम मानिकपुरी,महेश्वरी वर्मा, चंदन मानिकपुरी, बालकराम साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।।
