किकबॉक्सिंग खिलाड़ियों ने दिया सद्भावना का परिचय, एथलेटिक्स के साथ सीएसवीटीयू एकीकृत राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता का सफल समापन…

भिलाई। छत्तीसगढ़ राज्य तकनीकी शिक्षा विभाग अंतर्गत विगत तीन माह से आयोजित छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (सीएसवीटीयू) की एकीकृत राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता का सफल समापन संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के अंतर्गत 15 दिसंबर को किकबॉक्सिंग स्पर्धा का आयोजन सीएसवीटीयू परिसर में विश्वेश्वरैया भवन, भिलाई में किया जाना था जहाँ संपूर्ण तैयारी कर ली गई थी। किंतु विश्वेश्वरैया भवन में आंतरिक परीक्षा संचालित होने के कारण परीक्षा व्यवस्था को बाधित न करने की भावना से किकबॉक्सिंग खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता को आउटडोर आयोजित करने का निर्णय लिया। खिलाड़ियों के इस अनुकरणीय कदम ने खेल भावना और सद्भावना का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। परीक्षा समाप्ति उपरांत विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचकर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का आभार व्यक्त करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रोफेसर कोमल तिवारी (एलसीआईटी, बिलासपुर) का जन्मदिन भी खिलाड़ियों द्वारा हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, जिससे कार्यक्रम और अधिक यादगार बन गया। गत वर्ष किकबॉक्सिंग में अखिल भारतीय स्तर पर कांस्य पदक विजेता विश्वविद्यालय के खिलाड़ी रूपाली साहू, उज्ज्वल मेश्राम एवं रौनक कुमार बेहरा सहित कोच श्रवण साहू तथा मैनेजर कोंडल राव को विश्वविद्यालय खेल विभाग द्वारा राजकीय गमछा एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

इसी क्रम में 16दिसंबर को एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन स्वामी विवेकानंद खेल परिसर, रायपुर में किया गया, जिसमें तकनीकी शिक्षा विभाग के 250 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाला फेंक, चक्का व गोला फेंक, लंबी कूद, ऊंची कूद, 100 मीटर से 10 किलोमीटर दौड़ एवं हर्डल दौड़ जैसी विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लेकर स्वर्ण एवं रजत पदक अर्जित किए। सभी विजेता खिलाड़ियों को विश्वविद्यालय खेल विभाग के प्रभारी किशोर कुमार भारद्वाज द्वारा पुरस्कृत किया गया।

विश्वविद्यालय खेल विभाग द्वारा इस वर्ष 20 खेलों को प्रतियोगिता में शामिल किया गया था जिसमें प्रदेश के पॉलीटेक्निक, फार्मेसी व इंजीनियरिंग महाविद्यालयों से लगभग 5000 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया, सभी प्रतिभागियों को अब 12 जनवरी 2026 को स्वामी विवेकानंद के जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर किया विश्वविद्यालय परिसर में किया जाएगा सम्मानित। सीएसवीटीयू एकीकृत राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता के सफल व सुव्यवस्थित आयोजन पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अरुण अरोरा एवं कुलसचिव डॉ. अमित सिंह राजपूत ने विश्वविद्यालय खेल विभाग को बधाई देते हुए सराहना की।

Exit mobile version