राम गोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

भिलाई में PM मोदी और CM साय का पुतला फूंका, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की

भिलाई नगर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राम गोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने मैत्री गार्डन चौक रिसाली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया।

कार्यक्रम का नेतृत्व भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने किया।

जांच एजेंसी के दुरुपयोग का आरोप
कांग्रेसियों का आरोप है कि भाजपा की डबल इंजन सरकार केंद्रीय एवं राज्य की जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेताओं को निशाना बना रही है। इसी विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर पूरे प्रदेश में पुतला दहन किया गया।

प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बीजेपी मुर्दाबाद के बैनर और पोस्टर लेकर रैली निकाली और चौक पर पहुंचकर नारेबाजी की।

पुलिस से हुई झड़प
पुतला दहन को देखते हुए पहले से भारी पुलिस बल तैनात था। पुलिस ने कांग्रेसियों के हाथ से पुतला छीनने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई।

आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी मुर्दाबाद, कांग्रेस जिंदाबाद, राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए। इसके बाद कांग्रेसियों ने दोनों पुतलों को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने जलते पुतलों को छीनने का प्रयास किया और बाद में पानी डालकर आग बुझाई।

सैकड़ों कार्यकर्ता रहे शामिल
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, AICC सदस्य, विधायक, पूर्व विधायक, महापौर, पूर्व महापौर, सेवा दल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, NSUI, अल्पसंख्यक विभाग के पदाधिकारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश पटेल, जी राजू, नर्सिंग नाथ, सौरभ मिश्रा, गिरवर साहू, रविंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में पार्षद, पूर्व पार्षद, जोन अध्यक्ष और बूथ अध्यक्ष भी प्रदर्शन में शामिल हुए।

Exit mobile version