“कांग्रेस का नया एजेंडा: सनातन और संत समाज का अपमान” – भाजपा नेता कन्हैया सोनी

भिलाई। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कन्हैया सोनी ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के जगद्गुरु रामभद्राचार्य पर दिए बयान की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज हिंदुत्व, सनातन और संत समाज के अपमान की राजनीति कर रही है और यही उसका नया राजनीतिक एजेंडा बन चुका है।

सोनी ने कहा कि विवाद की शुरुआत नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के उस बयान से हुई जिसमें उन्होंने कहा था, “मैं रामभद्राचार्य को जगद्गुरु नहीं मानता।” साथ ही महंत ने आरोप लगाया कि जगद्गुरु रामभद्राचार्य भाजपा के “प्रचारक” की तरह काम कर रहे हैं और संतों को राजनीति से दूर रहना चाहिए।

इस पर पलटवार करते हुए कन्हैया सोनी ने चरणदास महंत को खुली चुनौती दी। उन्होंने कहा, “चरणदास महंत एक लाइन बताकर दिखा दें, जहां जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने भारतीय जनता पार्टी को वोट देने या समर्थन करने की अपील की हो। आज तक ऐसा कोई बयान सामने नहीं आया। यह सब कांग्रेस नेताओं के दिमाग की उपज है।”

सोनी ने कांग्रेस पर बड़ा वैचारिक हमला बोलते हुए कहा, “आज पूरे देश में कांग्रेस पार्टी केवल एक लाइन पर राजनीति कर रही है — सनातन और हिंदुत्व का अपमान। चाहे छत्तीसगढ़ हो या देश का कोई और राज्य, कांग्रेस के नेता लगातार संतों और हिंदू धार्मिक प्रतीकों के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति अब “तुष्टिकरण और वैचारिक विरोध” तक सीमित होकर रह गई है। छत्तीसगढ़ की जनता सनातन संस्कृति और संत समाज का अपमान कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।

Exit mobile version