कलेक्टर के निर्देश पर बैंक ऑफ बड़ौदा के सहयोग से हुआ वितरण
दुर्ग। दुर्ग के फुटकर सब्जी बाजारों में चिल्हर की समस्या को दूर करने के लिए थोक फल सब्जी व्यापारी संगठन ने पहल की है। संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष नासिर खोखर ने इंदिरा मार्केट, समृद्धि बाजार, सिकोला बाजार और शनिचरी बाजार के फुटकर सब्जी विक्रेताओं को चिल्हर का वितरण किया।

व्यापार पर पड़ रहा था असर
नासिर खोखर ने बताया कि लगातार चिल्हर की किल्लत से व्यापारी परेशान थे। इससे उनके रोजाना के व्यापार पर भी असर पड़ रहा था। कई ऐसे विक्रेता हैं जो ऑनलाइन पेमेंट का उपयोग भी नहीं कर सकते। ग्राहकों को छुट्टे पैसे न दे पाने से बिक्री प्रभावित हो रही थी।
कलेक्टर से की थी मांग
इस समस्या को लेकर संगठन ने दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह को ज्ञापन देकर समाधान की मांग की थी। कलेक्टर के निर्देश पर बैंक ऑफ बड़ौदा के सहयोग से दुर्ग के चिल्हर सब्जी बाजारों में चेंज का वितरण किया गया। इससे छोटे व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है।