Wednesday, June 17, 2026

बीएसपी स्क्रैप चोरी कांड: मुख्य आरोपी संजय सिंह यूपी से गिरफ्तार, 3.22 करोड़ का माल जब्त

पुलिस रिमांड पर दो आरोपी, 8 पहले जा चुके हैं जेल

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र से 250 टन स्क्रैप चोरी मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी संजय सिंह को दुर्ग पुलिस ने उत्तर प्रदेश के देवरिया से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में एक अन्य आरोपी पिंटू उर्फ उपेंद्र ओझा को भी पकड़ा गया है। दोनों को कोर्ट में पेश कर 7 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

फ्लू डस्ट की आड़ में हो रही थी चोरी
पुरानी भिलाई थाना पुलिस के अनुसार 26 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम अकलोरडीह खदान पारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स, प्लॉट नंबर 18 ए/05, एचआईए हथखोज में जांच की गई। वहां हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ बीएसपी से चोरी की गई लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग लोड मिले। मौके से बड़े पैमाने पर स्क्रैप का भंडारण और लोडिंग-परिवहन में इस्तेमाल वाहन व मशीनरी भी मिली।

3.22 करोड़ की संपत्ति जब्त
कार्रवाई में लगभग 250 टन लोहे की प्लेट एवं बीम कटिंग जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 90 लाख रुपये है। परिवहन व लोडिंग में प्रयुक्त वाहनों व मशीनों समेत कुल 3 करोड़ 22 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

लगातार बदल रहा था ठिकाना
मुख्य आरोपी संजय सिंह, 48 वर्ष, निवासी खुर्सीपार, भिलाई अपराध दर्ज होने के बाद से फरार था। पुलिस से बचने के लिए वह लगातार स्थान बदल रहा था। सूचना पर विशेष टीम ने देवरिया में दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। दूसरा आरोपी पिंटू उर्फ उपेंद्र ओझा, 48 वर्ष, निवासी सड़क नंबर 26, सेक्टर-05, भिलाई है। विवेचना में उसकी संलिप्तता सामने आने पर गिरफ्तारी की गई।

इस प्रकरण में पहले 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि बीएसपी से चोरी कर स्क्रैप का अवैध संग्रहण और आर्थिक लाभ लेना ही चोरी का मकसद था।

थाना पुरानी भिलाई की टीम ने इस कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि चोरी, अवैध परिवहन या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

ताज़ा ख़बरें

खबरें और भी हैं...

अतिरिक्त ख़बरें