भिलाई। सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस-7 ने 16 नवम्बर 2025 को उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज करते हुए 5,020 टन का हॉट मेटल का अभूतपूर्व दैनिक उत्पादन अर्जित किया, व इससे पूर्व दर्ज किये गए 21 मार्च 2025 के 5,002 टन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
इस उपलब्धि पर कार्यपालक निदेशक (संकार्य) राकेश कुमार ने ब्लास्ट फर्नेस-7 पँहुच कर सभी को शुभकामनाएं दीं। उनके साथ मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (आयरन) तापस दासगुप्ता, मुख्य महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस) मनोज कुमार, तथा ब्लास्ट फर्नेस, सिंटर प्लांट-2 और कोक ओवन विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे राकेश कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि सुरक्षा ही उत्पादन की आधारशिला है, तथा प्रत्येक गतिविधि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ही संपादित की जानी चाहिए। उन्होंने बेहतर संसाधन उपलब्धता सुनिश्चित करने, परिचालन दक्षता बढ़ाने तथा सतत सुधार के लिए टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
उन्होंने ब्लास्ट फर्नेस-7 टीम तथा संपूर्ण ब्लास्ट फर्नेस विभाग को उत्पादन एवं टेक्नो-इकोनॉमिक्स के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने हेतु बधाई दी। उन्होंने आगे कहा कि उच्च हॉट मेटल उत्पादन की प्रक्रिया कोक ओवन, सिंटर प्लांट-2, ऑक्सीजन प्लांट, पीबीएस तथा अन्य संबद्ध विभागों के प्रदर्शन पर आधारित होती है। उन्होंने इन सभी विभागों के योगदान की प्रशंसा की और उत्पादन एवं टेक्नो-इकोनॉमिक्स में निरंतर प्रगति हेतु सहयोगात्मक व समन्वित दृष्टिकोण अपनाने पर बल दिया।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में केक कटिंग समारोह आयोजित किया गया तथा कर्मचारियों एवं श्रमिकों को मिठाई वितरित कर इस सफलता का उत्सव मनाया गया।
