भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त ने आज सुबह कोसा नगर स्थित गौठान का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। शहर के नियमित दौरे के क्रम में पहुंचे आयुक्त ने यहां मौजूद लगभग 300 गौ-वंश की स्थिति, उनके चारे-पानी और देखरेख की व्यवस्था का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त का गौ-प्रेम उस वक्त साफ झलक उठा, जब उन्होंने खुद गौ-वंश के बीच जाकर उन्हें अपने हाथों से गुड़ खिलाया। यह आत्मीय दृश्य वहां मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।

आयुक्त ने गौठान में साफ-सफाई, छाया और पेयजल की व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए। गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए उन्होंने कहा कि गौ-वंश को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने वर्मी कंपोस्ट उत्पादन की प्रक्रिया का भी निरीक्षण कर गुणवत्ता बनाए रखने और खाद के त्वरित उठाव के निर्देश दिए।

इस दौरान आयुक्त ने गौठान में कार्यरत स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर उनके कार्यों की सराहना की और आय बढ़ाने के उपायों पर जोर दिया। साथ ही परिसर में जलभराव की स्थिति न बने और नियमित फॉगिंग कराए जाने के निर्देश भी दिए।
नगर निगम के इस औचक निरीक्षण ने एक बार फिर साफ कर दिया कि प्रशासन अब केवल कागजों तक सीमित नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटा हुआ है।





