भिलाई। सेक्टर-7 हाईस्कूल दशहरा मैदान में इस वर्ष 31वें वर्ष भव्य दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। युवा खेल एवं सांस्कृतिक मंडल द्वारा सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति के तत्वावधान में 20 अक्टूबर 2026 को यह आयोजन सेंट्रल एवेन्यू से लगे दशहरा मैदान में होगा।
समिति की बैठक शुक्रवार को अध्यक्ष प्रेम चंद देवांगन की अध्यक्षता में हुई। इस वर्ष आयोजन के मार्गदर्शक वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन होंगे, जबकि आयोजन की कमान चन्ना केशवलू संभालेंगे और कोषाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह होंगे।
65 फीट का रावण, काकीनाडा की प्रसिद्ध आतिशबाजी होगी आकर्षण
आयोजक चन्ना केशवलू ने बताया कि इस वर्ष 65 फीट ऊंचा रावण, 50 फीट ऊंचा कुंभकरण और 50 फीट ऊंचे मेघनाथ के पुतलों का निर्माण किया जा रहा है। दर्शकों के लिए आंध्र प्रदेश के काकीनाडा की सुप्रसिद्ध भव्य आतिशबाजी और IPL स्तर की आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जाएगा। मनोरंजन के लिए मार्स बैंड आर्केस्ट्रा की प्रस्तुति भी होगी।
8000 कुर्सियां, 4 जगह निःशुल्क पार्किंग की व्यवस्था
भीड़ को देखते हुए मैदान में 8000 लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई जा रही हैं। चार अलग-अलग स्थानों पर निःशुल्क पार्किंग की सुविधा रहेगी, जहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था भी की जाएगी। समिति ने नगरवासियों से परिवार सहित शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।




