Saturday, September 5, 2026

दिव्यांगजनों को शिक्षा और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की पहल, ‘संवेदना’ संस्था का शुभारंभ

(यतेन्द्र जीत सिंह छोटू ब्यूरो चीफ जिला खैरागढ़)
खैरागढ :
दिव्यांगजनों को शिक्षा, प्रशिक्षण, पुनर्वास और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय में ‘संवेदना’ संस्था का शुभारंभ किया गया।। संस्था का संचालन खैरागढ़ की बेटी ज्योति पटेल के नेतृत्व में किया जा रहा है।। संस्था के माध्यम से दिव्यांग बच्चों एवं युवाओं को शिक्षा के साथ उनकी क्षमताओं के अनुरूप कौशल विकास और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष गिरिजा चंद्राकर थीं।। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत स्काउट गाइड के जिला मुख्य आयुक्त एवं सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह ने की।। विशिष्ट अतिथि के रूप में पार्षद रूपेंद्र रजक, वरिष्ठ भाजपा नेता विकेश गुप्ता, मंजीत सिंह, राजेंद्र चंदेल, मंगल सारथी, उत्तम दशरिया, उत्तम बागड़े, मनीष तिवारी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।।

‘संवेदना’ की पहल अनुकरणीय : गिरिजा चंद्राकर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष गिरिजा चंद्राकर ने संस्था की शुरुआत के लिए ज्योति पटेल एवं पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।।उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए शिक्षा और प्रशिक्षण की व्यवस्था करना केवल सेवा का कार्य नहीं, बल्कि उन्हें सम्मानपूर्वक आत्मनिर्भर जीवन जीने का अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।। उन्होंने संस्था की सफलता की कामना करते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों को ऐसी सकारात्मक पहल में सहयोग के लिए आगे आना चाहिए।।

दिव्यांगजनों को अवसर देना समाज की जिम्मेदारी : भागवत शरण सिंह
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भारत स्काउट गाइड के जिला मुख्य आयुक्त एवं सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह ने कहा कि दिव्यांगजनों को सहानुभूति की नहीं, बल्कि समान अवसर और उचित मंच की आवश्यकता है।।उन्होंने कहा कि शिक्षा, कौशल विकास और प्रशिक्षण के माध्यम से दिव्यांग बच्चों और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।। उन्होंने कहा कि ‘संवेदना’ नाम अपने आप में संस्था के उद्देश्य को स्पष्ट करता है। यह पहल दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ उनके भीतर छिपी प्रतिभा को सामने लाने का माध्यम बनेगी।। उन्होंने संस्था की संचालिका ज्योति पटेल सहित पूरी टीम को इस सामाजिक पहल के लिए बधाई देते हुए हरसंभव सहयोग की बात कही।।

शिक्षा के साथ आत्मनिर्भरता पर जोर
‘संवेदना’ संस्था के माध्यम से दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिक्षा एवं शैक्षणिक सहयोग, कौशल विकास, व्यावसायिक प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़ने जैसे प्रयास किए जाएंगे।। साथ ही जरूरतमंद दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण, पुनर्वास एवं आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जाएगी।।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि दिव्यांगता किसी व्यक्ति की क्षमता की सीमा नहीं है। उचित मार्गदर्शन, शिक्षा और अवसर मिलने पर दिव्यांगजन भी समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।।

संचालकों ने किया अतिथियों का अभिनंदन
संस्था की संचालिका ज्योति पटेल, गोपी पटेल एवं कोषाध्यक्ष रंजीत सिंह ठाकुर ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।। उन्होंने संस्था के उद्देश्यों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी देते हुए दिव्यांगजनों एवं उनके परिवारों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।। कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों एवं उनके परिजनों में भी उत्साह देखने को मिला।। उपस्थित लोगों ने ‘संवेदना’ की इस पहल को सामाजिक सरोकार से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताते हुए संस्था के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं।।

ताज़ा ख़बरें

खबरें और भी हैं...

अतिरिक्त ख़बरें