मामा के घर रायपुर जा रहा था परिवार, ट्रैक्टर में लदे थे ऑक्सीजन सिलेंडर
भिलाई/दुर्ग। भिलाई-3 थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक 8 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल है। मृतकों में 2 महिलाएं और 2 मासूम बच्चियां शामिल हैं।
मामा के घर जा रहा था परिवार
दुर्ग पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अमृत निर्मलकर, 28 वर्ष, स्कूटी चला रही थीं। उनके साथ कुल 5 लोग बसंत विहार, रायपुर स्थित अपने मामा के घर जा रहे थे।
रास्ते में राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े ट्रैक्टर क्रमांक CG 07 NA 0930 के पीछे स्कूटी तेज गति से जा टकराई। ट्रैक्टर में ऑक्सीजन सिलेंडर लदे हुए थे।

घटना में 4 की मौत, 1 घायल
इस टक्कर में स्कूटी सवार चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों में अमृत निर्मलकर 28 वर्ष, निवासी भिलाई-3, लक्ष्मी निर्मलकर 26 वर्ष, यासना 7 वर्ष और डाली 4 वर्ष शामिल हैं।
जबकि 8 वर्षीय भावेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने ट्रैक्टर किया जप्त
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला मर्चुरी में रखवाया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने ट्रैक्टर को जप्त कर लिया है और चालक भोला यादव को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण की विवेचना शुरू कर दी है। हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है।




