बेमेतरा। जिले के सैगोना के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में ग्राम कन्हेरा के दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक मोटरसाइकिल से बेमेतरा से अपने गांव कन्हेरा लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक एक ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा इतना भीषण था कि मुकेश चंद्राकर (21 वर्ष) ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं विनोद ध्रुव (28 वर्ष) को गंभीर हालत में जिला अस्पताल बेमेतरा लाया गया, जहां उपचार के दौरान शाम करीब 4 बजे उनकी भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ग्राम कन्हेरा में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों युवकों के असमय निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




