CSPDCL को सौंपा ज्ञापन: क्रेन के नाम पर चंदा, नए कनेक्शन के लिए 10-20 हजार वसूली का आरोप
दुर्ग: दुर्ग-भिलाई में चरमराई बिजली व्यवस्था और कथित भ्रष्टाचार को लेकर आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को विद्युत विभाग के कार्यपालक निदेशक को ज्ञापन सौंपा। ‘आप’ नेताओं ने चेतावनी दी कि सुधार नहीं हुआ तो पार्टी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।
‘बिजली उत्पादक राज्य में जनता अंधेरे में क्यों’
जिला कार्यकारी अध्यक्ष जसप्रीत सिंह, पूर्व आईटीआई प्रदेश अध्यक्ष मेहरबान सिंह और प्रदेश महिला सचिव ज्योति ने कहा कि छत्तीसगढ़ बिजली उत्पादक राज्य है, फिर भी दुर्ग-भिलाई की जनता अघोषित कटौती और लो-वोल्टेज से परेशान है।
‘ट्रांसफार्मर बदलने के लिए क्रेन का चंदा’
‘आप’ ने आरोप लगाया कि कई जोन में ट्रांसफार्मर मंजूर होने के बाद अधिकारी क्रेन का इंतजाम खुद करने को कहते हैं। गरीब-मध्यमवर्गीय जनता चंदा कर क्रेन बुला रही है।
सुपेला में व्यापार चौपट, खुर्सीपार में अवैध वसूली का आरोप
पार्टी ने कहा कि आकाश गंगा सुपेला के दुकानदार रोज घंटों बिजली गुल रहने से बेहाल हैं। हर 2-4 घंटे में फ्यूज जोड़कर काम चलाया जा रहा है, जिससे उपकरण जल रहे हैं।
खुर्सीपार में BSP-CSPDCL विवाद की आड़ में नए कनेक्शन के लिए 10 से 20 हजार रुपये तक रिश्वत मांगे जाने का आरोप लगाया। उपभोक्ता फोरम में भी विभाग के रिटायर्ड अधिकारी होने से न्याय न मिलने की बात कही।
निजीकरण की साजिश का शक
‘आप’ ने आशंका जताई कि क्या जानबूझकर सरकारी बिजली व्यवस्था को बदतर बनाकर निजीकरण का रास्ता तैयार किया जा रहा है। प्री-मानसून तैयारियों में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि खंभों के पास पेड़ों की छंटनी न होने से हल्की आंधी में भी तार टूट जाते हैं और 2-3 दिन तक बिजली गुल रहती है।
‘सुधार नहीं हुआ तो होगा आंदोलन’
जिला अध्यक्ष जसप्रीत सिंह ने कहा, “बिल वसूलने में रियायत नहीं तो सुविधा देने में लाचारी क्यों? उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली चाहिए।” पार्टी ने भ्रष्टाचार पर लगाम, स्टाफ व ट्रांसफार्मर की कमी दूर करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने वालों में रऊफ अंसारी, सोनू यादव, धर्मेंद्र चौधरी, छबिलाल, मनीष मिश्रा, डॉ. एसके अग्रवाल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।




