Friday, March 20, 2026

दुर्ग में चेटी चंड की धूम,शोभायात्रा में अरुण वोरा हुए शामिल…

दुर्ग। चेटी चंड के पावन अवसर पर सिंधी समाज द्वारा दुर्ग में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें पूर्व विधायक अरुण वोरा भी शामिल हुए। यह शोभायात्रा स्टेशन रोड से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ निकाली गई।

शोभायात्रा में भगवान झूलेलाल की आकर्षक झांकी, भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और रंग-बिरंगे परिधानों में सजे श्रद्धालुओं ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। बड़ी संख्या में समाज के लोगों के साथ-साथ शहरवासियों ने भी इस आयोजन में भाग लेकर अपनी आस्था प्रकट की।

इस अवसर पर अरुण वोरा ने कहा कि चैती चंड केवल एक पर्व नहीं, बल्कि सिंधी समाज की आस्था, संस्कृति और एकता का प्रतीक है। उन्होंने भगवान झूलेलाल से सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की तथा कहा कि ऐसे आयोजन समाज में भाईचारा और सद्भाव को मजबूत करते हैं।

शोभायात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई और प्रसाद वितरण किया गया। पूरे आयोजन में अनुशासन और उत्साह का अद्भुत समन्वय देखने को मिला।

सिंधी समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी चेटी चंड को पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया और आने वाले समय में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजन जारी रहेंगे।

ताज़ा ख़बरें

खबरें और भी हैं...

अतिरिक्त ख़बरें