राजनांदगांव। आज शहर में भगवान बाबा महाकाल की भव्य एवं दिव्य शोभायात्रा अत्यंत उत्साह, श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ निकाली गई। यह शोभायात्रा पूरे नगर में आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्म और संस्कृति के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

संस्कार धानी मित्र मंडल के अध्यक्ष निखिल द्विवेदी ने बताया कि इस वर्ष की शोभायात्रा विशेष रूप से भव्य रही, जिसमें उड़ीसा, हरियाणा एवं मध्यप्रदेश की पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से वातावरण को भक्तिमय और ऊर्जावान बना दिया।

ढोल-नगाड़ों, झांकियों और भजनों के साथ निकली इस यात्रा ने पूरे शहर को शिवमय कर दिया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया तथा प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई।

आयोजकों ने समस्त नागरिकों, प्रशासन एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
— संस्कार धानी मित्र मंडल, राजनांदगांव





