दुर्ग। मोहन नगर थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जो अपने आप को अविवाहित बताकर अब तक तीन महिलाओं से शादी कर चुका था और अब चौथी महिला को झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठ चुका था। आरोपी ने अखबारों में फर्जी matrimonial विज्ञापन देकर महिलाओं को अपने जाल में फंसाने का नेटवर्क बना रखा था।
पहचान छुपाकर शादी – लाखों रुपये उड़ाए
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी बीरेन्द्र कुमार सोलंकी (उम्र 54 वर्ष), निवासी — तरातमा बंगला प्लॉट नं. 2, शिवम पार्क, माधापारा, कच्छ, भुज (गुजरात), ने अपना विवाह छुपाकर उससे शादी की। जरूरत बताकर फरवरी 2022 में 2 लाख रुपये और जनवरी 2024 में 6 लाख रुपये नकद ले गया। दोनों रकम पीड़िता ने बैंक से लोन लेकर दी, जिसकी किस्तें वह आज भी चुका रही है।
गहने गिरवी रखवाकर भी ठगा
जब भी आरोपी दुर्ग आता, पैसे की मांग करता। कभी पीड़िता के गहने गिरवी रखवाकर 1.30 लाख का गोल्ड लोन, तो कभी Google Pay व बैंक ट्रांसफर के जरिए 18 लाख रुपये ठगे। आरोपी मौके-बेमौके पीड़िता से नगद भी लेता था, जो लगभग 5 लाख रुपये है। कुल मिलाकर पीड़िता से आरोपी ने 32 लाख रुपये की ठगी की।
घर में घुसकर 12 लाख रुपये गायब किए
2024 में एक बार दुर्ग आने पर पीड़िता की गैरमौजूदगी में घर से लगभग 12 लाख रुपये लेकर फरार हो गया।
लगातार ठिकाना बदलकर पुलिस से बचता रहा – गुजरात से पकड़ा गया
पकड़े जाने के डर से आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। मोहन नगर पुलिस की टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर गुजरात पहुंचकर आरोपी को दबोच लिया।
आरोपी का विवरण
नाम: बीरेन्द्र कुमार सोलंकी
पिता: चमन सिंह सोलंकी
उम्र: 54 वर्ष
पता: तरातमा बंगला, प्लॉट नं. 2, शिवम पार्क, यक्षरे मंदिर के पीछे, माधापारा, कच्छ, थाना भुज (गुजरात)
मामला दर्ज
अपराध क्रमांक: 343/2025
धारा: 85, 318(4) बीएनएस
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।




