सड़कें जर्जर, गड्ढों का अंबार, जनता ने रखी विकास की मांग, नारी शक्ति ने दिखाया रोष
दुर्ग, 12 अक्टूबर 2025: नगर निगम दुर्ग के वार्ड 59 हरि नगर और साकेत कॉलोनी में लंबे समय से रुके सड़क, नाली और अन्य बुनियादी विकास कार्यों को लेकर स्थानीय जनता ने शुक्रवार को निकिता सिंह के नेतृत्व में जोरदार धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान वार्डवासियों ने अपने गुस्से और मांगों को मुखर रूप से प्रदर्शित किया।
धरना प्रदर्शन में महिलाएँ और पुरुष हाथों में पोस्टर लेकर “सड़क बनाओ, गड्ढे मिटाओ, जनता को राहत दिलाओ”, “रोशनी लाओ, डर भागाओ, जनता का विश्वास जीताओ”, “जनता की आवाज बुलंद है, अब काम करना अनिवार्य है” जैसे नारे लगाते हुए जर्जर सड़कों के बीच खड़े रहे।
निकिता सिंह ने धरने के दौरान कहा, “पिछले कई सालों से वार्डवासियों को बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा गया है। नगर निगम प्रशासन को गड्ढों और खराब सड़कों से जनता को तुरंत राहत दिलानी होगी। यदि अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह नहीं करेंगे, तो नारी शक्ति आने वाले दिनों में और उग्र प्रदर्शन करने से नहीं हिचकिचाएगी।”
स्थानीय लोगों ने बताया कि लंबे समय से नालियों की सफाई, सड़क मरम्मत और रोशनी जैसे कार्य नहीं किए जाने से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। खासकर बरसात के दिनों में गड्ढों और टूट-फूट वाली सड़कों ने जीवन को दूभर कर दिया है।
धरना प्रदर्शन में शामिल एक निवासी ने कहा, “हमने कई बार निगम प्रशासन से आग्रह किया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब हमारी आवाज़ को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यह धरना सिर्फ चेतावनी नहीं, बल्कि विकास की मांग का प्रतीक है।
”निकिता सिंह और वार्डवासियों ने साफ चेतावनी दी कि अगर निगम प्रशासन ने समय रहते क्षेत्र के विकास कार्यों को पूरा नहीं किया, तो जनता और नारी शक्ति मिलकर और बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगी।इस धरना प्रदर्शन ने यह संदेश भी दिया कि जनता अब केवल देखने वाली नहीं, बल्कि अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर आवाज़ उठाने वाली शक्ति बन चुकी है।





