भिलाईनगर में पीएम आवास के 26 हितग्राहियों को मात्र 1 माह में आवास ऋण स्वीकृत..

आवास ऋण मेला ने बढ़ाई योजना की रफ्तार, 1 दिसंबर को फिर लगेगा कैम्प..

भिलाईनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के हितग्राहियों को ऋण सुविधा तेजी से उपलब्ध कराने नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा नियमित रूप से आवास ऋण मेला का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में 28 अक्टूबर 2025 को बैकुण्ठधाम स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर मांगलिक भवन में ऋण शिविर आयोजित किया गया था।

इस मेले में स्वतंत्र बैंक, इजी होम फाइनेंस बैंक, आवास लोन फाइनेंस बैंक एवं जना स्मॉल फाइनेंस बैंक के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कुल 130 हितग्राहियों ने मेले में भाग लिया, जिनमें से 26 हितग्राहियों के आवास ऋण को मात्र एक माह के भीतर स्वीकृति मिल गई है। इससे इन लाभार्थियों के अपने स्वयं के मकान के सपने को नई उड़ान मिल गई है।

नगर निगम भिलाई ने बताया कि शेष हितग्राहियों के आवेदन प्रक्रिया में हैं। वहीं ऐसे अन्य लाभार्थी, जिन्हें आवास निर्माण हेतु ऋण की आवश्यकता है, वे आगामी 1 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाले आवास ऋण मेले में हिस्सा लेकर अपनी योग्यता अनुसार ऋण के लिए संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं।

मेले का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के सभी पात्र हितग्राहियों को बिना देरी, सरल व सुविधाजनक प्रक्रिया के माध्यम से आवास ऋण उपलब्ध हो, ताकि हर परिवार का पक्का मकान बनाने का सपना जल्द साकार हो सके।

Exit mobile version