850 करोड़ के बजट के बाद भी भिलाई की जनता को शुद्ध पेयजल नहीं, ‘आप’ ने किया नगर निगम का घेराव

भिलाई: आज आम आदमी पार्टी जिला दुर्ग के तत्वाधान में भिलाई की जनता को शुद्ध पेयजल उपलब्ध न करा पाने और निगम प्रशासन की विफलताओं के खिलाफ नगर निगम भिलाई का जोरदार घेराव किया गया। जिला कार्यकारी अध्यक्ष जसप्रीत सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव वदूद आलम, महिला सचिव के. ज्योति, भिलाई नगर चुनाव प्रभारी डॉ. एस.के. अग्रवाल और पूर्व आरटीआई प्रदेश अध्यक्ष मेहरबान सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

बजट का जश्न, जनता प्यासी
आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों ने नगर निगम प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हाल ही में निगम ने 850 करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट पास किया है। जहाँ कांग्रेस और भाजपा के पार्षद इस बजट का जश्न मनाने और घूमने में व्यस्त हैं, वहीं भिलाई की जनता शिवनाथ नदी के शुद्ध पानी के लिए तरस रही है।

करोड़ों का भ्रष्टाचार और विफल योजनाएं
नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार की अमृत जल मिशन, जल जीवन मिशन और भागीरथी योजना के नाम पर अरबों-खरबों रुपये खर्च किए गए, लेकिन धरातल पर स्थिति शून्य है।

वार्ड विश्लेषण: खम्हरिया वार्ड 01 से लेकर कई क्षेत्रों में आज भी लोग बोर के पानी पर निर्भर हैं।
खौफनाक स्थिति: खुर्सीपार वार्ड 46 और गौतम नगर में लोग पिछले कई वर्षों से केमिकल युक्त पानी पीने को मजबूर हैं, जिससे पीलिया जैसी गंभीर बीमारियां फैल रही हैं।
हुडको की अनदेखी: हुडको में पाइपलाइन बिछाकर छोड़ दी गई, लेकिन वर्षों बाद भी पानी की सप्लाई शुरू नहीं हुई; यहाँ के निवासी आज भी बीएसपी (BSP) के भरोसे हैं।

वाटर एटीएम: भ्रष्टाचार का नया अड्डा
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि निगम ने अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए लाखों रुपये खर्च कर वाटर एटीएम लगवाए ताकि पानी को व्यवसाय बनाया जा सके। वर्तमान में स्थिति यह है कि इनमें से अधिकतर वाटर एटीएम बंद पड़े हैं, जो केवल भ्रष्टाचार का एक जरिया साबित हुए हैं।

आयुक्त को सौंपा ‘केमिकल युक्त’ पानी का सैंपल
घेराव के दौरान वार्ड 51 (शिवाजी नगर) और वार्ड 35 की बड़ी संख्या में महिलाएं और निवासी उपस्थित थे, जो पानी की किल्लत से त्रस्त हैं। प्रदर्शन के अंत में पदाधिकारियों ने नगर निगम आयुक्त को जनता द्वारा पिया जा रहा केमिकल युक्त गंदा पानी सैंपल के रूप में सौंपा और चेतावनी दी कि यदि जल्द ही शिवनाथ नदी का शुद्ध जल हर घर तक नहीं पहुँचा, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। इस कार्यक्रम में उपस्थित होने वाले साथी बलविंदर, धर्मेंद्र चौधरी, रामपाल, सहप्रभारी रऊफ अंसारी, शिव शेट्टी, पंकज चौधरी, मनीष मिश्रा, सोनू यादव , विजय अग्रवाल, देवेंद्र, तिलक, पिंकी, हरचरण, पुरुषोत्तम राजपूत, पवन शादी कई महिलाओं युवा साथी उपस्थित थे
भवदीय, जसप्रीत सिंह (जिला कार्यकारी अध्यक्ष, दुर्ग)

Exit mobile version