डायल-112 में लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस

एसपी का सख्त संदेश—जनसेवा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी हाल में नहीं बख्शे जाएंगे

दुर्ग। डायल-112 जैसी आपातकालीन सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब सीधे कड़ी कार्रवाई को न्योता देगी। पुलिस अधीक्षक, जिला दुर्ग के निर्देश पर जिले के समस्त डायल-112 स्टाफ की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें दो टूक शब्दों में स्पष्ट किया गया कि जनसेवा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चन्द्रा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में डायल-112 की कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में आपातकालीन कॉल पर त्वरित, समयबद्ध और प्रभावी रिस्पॉन्स, पीड़ितों से संवेदनशील एवं मर्यादित व्यवहार, तथा अनुशासन और समयपालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि डायल-112 पुलिस की सबसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण सेवा है। रिस्पॉन्स में देरी, ड्यूटी में लापरवाही, अनुचित व्यवहार या नियमों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि डायल-112 वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित वाहन संचालन सुनिश्चित करें। साथ ही प्रत्येक कॉल का निष्पक्ष और विधिसम्मत निराकरण अनिवार्य रूप से किया जाए। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि डायल-112 जनता की उम्मीद और भरोसे की सेवा है, इसमें लापरवाही करने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है।

Exit mobile version