भिलाई। मेहनतकश आवास अधिकार संघ और छत्तीसगढ मुक्ति मोर्चा मजदूर कार्यकर्ता समिति ने प्रेस को बताया की आज सैकडों के संख्या मे सेक्टर 9 चौक पर एकत्रित होकर जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय के निजीकरण को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया वक्ताओं ने बताया की।
भिलाई इस्पात संयंत्र के अधीन संचालित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय वर्षों से न केवल संयंत्र के कर्मचारियों, बल्कि समूचे भिलाई नगर एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवा का एक सशक्त और विश्वसनीय केंद्र रहा है। इस अस्पताल ने सदैव जीवन बचाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
संयंत्र के कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों को इस चिकित्सालय से समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार प्राप्त होता है। रिटायर्ड कर्मचारियों को दवाइयों की सुविधा तथा त्वरित चिकित्सा सहायता इस अस्पताल के माध्यम से मिलती रही है। ऐसे में इस अस्पताल के निजीकरण का विचार कर्मचारियों और आम जनता दोनों के लिए गहरी चिंता का विषय है।

यदि अस्पताल का निजीकरण किया जाता है तो —
कर्मचारियों का सुलभ और निःशुल्क स्वास्थ्य अधिकार समाप्त हो जाएगा।
त्वरित उपचार के लिए उन्हें इधर-उधर भटकना पड़ेगा।
निजी प्रबंधन द्वारा अत्यधिक शुल्क वसूले जाने की आशंका रहेगी, जिससे कर्मचारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा।
वहीं, अस्पताल में कार्यरत ठेका श्रमिकों और स्वास्थ्य कर्मियों के समक्ष छंटनी और बेरोजगारी का संकट उत्पन्न हो जाएगा।
यह चिकित्सालय केवल एक स्वास्थ्य संस्था नहीं, बल्कि भिलाईवासियों की आस्था, विश्वास और सुरक्षा का प्रतीक है। सेक्टर-9 और आस-पास के क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों की आजीविका इसी अस्पताल से जुड़ी हुई है। अतः इसका निजीकरण कर्मचारियों, आम नागरिकों तथा क्षेत्रीय रोजगार पर कुठाराघात सिद्ध होगा।
ज्ञापन के माध्यम से यह मांग किया गया
- जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में योग्य एवं अनुभवी डॉक्टरों की भर्ती की जाए।
- अस्पताल में सभी आवश्यक चिकित्सीय उपकरण एवं संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।
- चिकित्सालय को पूर्ण रूप से सुचारू और निर्बाध रूप से संचालित रखा जाए।
- संयंत्र कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को समुचित स्वास्थ्य लाभ सुनिश्चित किया जाए।
- अस्पताल के निजीकरण की प्रक्रिया को तत्काल रोकने का आदेश दिया जाए।
- भिलाई इस्पात संयंत्र कर्मियों की रिटेंशन स्कीम को पूर्ववत जारी रखा जाए।
हम सभी का यह दृढ़ विश्वास है कि संयंत्र निदेशक की संवेदनशीलता और दूरदर्शिता से भिलाई की यह जीवनरेखा — जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय — पुनः अपने गौरव और जनसेवा की परंपरा को और भी सशक्त बनाए रख सकता है।
आज के प्रदर्शन में हास्पिटल सेक्टर से प्रभावी त मजदूरो ने बढ चढ कर हिस्सा लिए
आज के कार्यक्रम मे प्रमुख रूप से संजना ,मन्नु ठाकुर, भावना,सुरेन्द्र मोहन्ती,वर्षा दीप,निरा,जी एन सिंह, नारायण राव,कलादास डेहरिया, के मैरी,अरुंणा,निलवेंणी, सिंदुरिया, आदी शामिल रहे।




