राजनांदगांव। हिंदी भाषा भारतीय संस्कृति, ज्ञान परम्परा और राष्ट्रीय भावना की वह जीवंत धारा है,जिसने देश को एक सूत्र में बांधे रखा है। मातृभाषा के प्रति सम्मान, अभिव्यक्ति में सहजता तथा ज्ञान विस्तार की दृष्टि से हिंदी का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। इस दिशा में हिंदी ओलंपियाड फाउंडेशन द्वारा संचालित गतिविधियां प्रशंसनीय हैं।
इसी क्रम में फाउंडेशन द्वारा गत दिनों अमृत कुंभ सम्मान व अंतर्राष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड पुरस्कार वितरण समारोह सी डी देशमुख ऑडिटोरियम नई दिल्ली में आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय वाइडनर इंग्लिश मीडियम स्कूल की शिक्षिका तृप्ति दुबे को उनकी स्वरचित रचना के लिये अमृत कुंभ सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें लद्दाख के उप राज्यपाल द्वारा प्रदान किया गया। तृप्ति की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, उनके ईष्ट मित्रों व परिजनों ने बधाई देते हुये शुभकामनायें प्रेषित की हैं।




